गृहकर बढ़ोतरी के खिलाफ लोग

नादौन (हमीरपुर)। नगर पंचायत नादौन की गृहकर की नई दरों को लेकर स्थानीय लोगों में रोष है। गृहकर को लेकर वार्ड नंबर 6 और 1 के निवासियों ने नगर पंचायत कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन पर शहर के करीब 250 लोगों ने हस्ताक्षर किए हैं।
राम कुमार शर्मा, कृष्ण धीमान, बलदेव सिंह, ओम प्रकाश, मदन, राकेश कुमार आदि ने बताया कि नगर पंचायत ने पिछले दिनों गृहकर का सर्वे करवाया। सर्वे के बाद गृहकर में 7 से 8 गुणा वृद्धि कर दी गई है। कच्चे घरों में रहने वाले गरीब लोगों को भी हजारों रुपये के गृहकर का नोटिस थमा दिया गया है। वार्ड नंबर एक निवासी रमेश कुमार ने बताया कि उनका परिवार दूध बेचकर गुजारा करता है। अस्थायी तौर पर बाड़ लगा कर मवेशियों के लिए अपने ही घर के पास जगह बनाई है। नोटिस में उनके घर की पैमाइश 1093 वर्ग मीटर बता कर वार्षिक गृहकर 34 हजार 721 रुपये लगाया गया है। इसे अदा करना उनके वश की बात नहीं है। नगर पंचायत सचिव पीसी बत्रा ने बताया कि लोगों को गृहकर के बारे में नोटिस भेजे जा रहे हैं। इस संबंध में लोग आपत्तियों को कार्यालय में दर्ज करवा सकते हैं। आपत्ति प्राप्त होने के उपरांत उस पर विचार किया जाएगा।

Related posts