
लंबलू (हमीरपुर)। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माता होते हैं। शिक्षक बच्चों को संस्कार एवं नैतिक शिक्षा पर विशेष बल दें। स्वास्थ्य मंत्री सोमवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लंबलू के वार्षिक समारोह में बतौर मुख्यातिथि उपस्थित थे। कहा कि वर्तमान सरकार हिमाचल के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवा रही है। आईआईटी, एम्स तथा आईआईएम जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में दाखिला पाने वाले छात्रों को सरकार 75 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दे रही है। समारोह में मुख्यातिथि ने मेधावी छात्रों को सम्मानित किया।
केसीसीबी के उपाध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में ही शिक्षा के क्षेत्र का विस्तारीकरण हुआ है तथा प्रत्येक क्षेत्र में विकास सुनिश्चित किया गया है। कांग्रेस के प्रवक्ता दीपक शर्मा, पूर्व मंत्री रणजीत सिंह वर्मा, पीसीसी डेलिगेट नरेंद्र ठाकुर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों एवं सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। स्कूल के प्रिंसिपल केडी शर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए स्कूल की वार्षिक गतिविधियों की जानकारी प्रदान की।
बच्चों ने आकर्षक रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर सबको आत्मविभोर कर दिया। पहाड़ी नाटियों के साथ साथ देशभक्ति के गीतों ने खूब मनोरंजन किया। मुख्यातिथि ने सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए 7500 रुपये की राशि ऐच्छिक निधि से देने की स्वीकृति प्रदान की। डंगे के निर्माण के लिए एक लाख की राशि स्वीकृत की गई। एपीएमसी के चेयरमैन प्रेम कौशल, महिला आयोग की सदस्य प्रोमिला देवी, पीसीसी डेलिगेट राजेंद्र जार, डा. रमेश डोगरा, मिल्कफेड के निदेशक आरसी डोगरा, खेल परिषद के निदेशक अरुण ठाकुर, बलबिंद्र बबलू, अंकुश पठानिया, सुक्रांत भाटिया, सुमित, हितेंद्र, नीरज पठानिया, पंचायत प्रधान जुगल किशोर, नितिन पटियाल, तारा चंद चौधरी सहित विभिन्न गणमान्य लोग उपस्थित थे।
