218 पंचायतों में अधूरा रहा कोरम

चंबा। जिला चंबा की 283 पंचायतों में से 65 पंचायतों में ही ग्राम सभा का कोरम पूरा हो पाया है। शेष 218 पंचायताें में ग्राम सभा का कोरम पूरा नहीं हो पाया है। रविवार को जिला भर की 283 पंचायतों में ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इसमें उपमंडल तीसा की 42 पंचायतों में से 30 में ही ग्राम सभा का कोरम पूरा हुआ। उपमंडल भरमौर की 29 पंचायतों में आयोजित ग्राम सभा में मात्र सात पंचायतों में ही कोरम पूरा हो सका। इसके अलावा विकास खंड मैहला की 42 पंचायतों में से छह, चंबा 39 पंचायतों में से नौ और विकास खंड सलूणी की 46 पंचायतों में आयोजित ग्राम सभा में से केवल 13 पंचायतों में ही ग्राम सभा का कोरम पूरा हो पाया है। ऐसे में अधिकतर पंचायतों में वन अधिकार समितियों का गठन नहीं हो पाया है और न ही अन्य विकास कार्यों पर चर्चा हो पाई है। पंचायत अधिकारी रमेश चंद कूपर ने बताया कि अधिकतर पंचायतों में ग्राम सभा का कोरम पूरा नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि जिन पंचायतों में कोरम पूरा नहीं हो पाया है उनमें दोबारा ग्राम सभाएं आयोजित की जाएंगी।

Related posts