
पतलीकूहल (कुल्लू)। जिला भाजपा अध्यक्ष एवं मनाली के विधायक गोविंद सिंह ठाकुर ने भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते सीएम वीरभद्र सिंह के इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने मीडिया को जारी बयान में कहा कि मुख्यमंत्री पर लगे आरोप बहुत गंभीर प्रतीत हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह के खाते में दस करोड़ रुपये होने के बावजूद उन्हें बिजली प्रोजेक्ट लगाने वाली कंपनी से उधार लेने की आखिर क्या जरूरत पड़ गई। इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि इस तथाकथित लोन की बात का उल्लेख आखिर चुनाव आयोग को दिए हलफनामे में क्याें नहीं किया गया? इस्पात मंत्रालय में मिले पांच करोड़ रुपये के सिलसिले में सीबीआई जो जांच कर रही है वह तो कांग्रेसनीत केंद्र सरकार ही करवा रही है। गोविंद ने कहा कि उनकी सलाह है कि इतने गंभीर आरोपों के घेरे में आने के बाद सीएम कुर्सी का मोह छोड़कर नैतिकता के आधार पर त्यागपत्र दें तथा खुद जांच करवाने को आगे आएं।
