
कुल्लू/पतलीकूहल। बंजार क्षेत्र की चैहणी पंचायत प्रधान ने ग्रामसभा के दौरान एक युवक पर हंगामा करने का आरोप लगाया है। इतना ही नहीं, प्रधान ने युवक पर सरकारी काम में बाधा डालते हुए कार्रवाई रजिस्टर छीनने और जान से मारने की धमकी देने का भी इल्जाम लगाया है। महिला प्रधान ने इस सिलसिले में बंजार पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी पर भारतीय दंड संहिता की धारा 353 और 506 के तहत केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार चैहणी पंचायत की महिला प्रधान रामेश्वरी ने ग्रामसभा में एक युवक द्वारा रजिस्टर छीनने की बात कही है। रामेश्वरी ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि रविवार को ग्रामसभा चल रही थी। इसी दौरान घेलीगाढ़ निवासी जगमोहन ग्रामसभा में आया और ऊंची आवाज में बोलने लगा। इसी बीच तैश में आकर युवक ने कार्रवाई रजिस्टर को छीन लिया। इससे ग्रामसभा का कार्य आगे बढ़ाने में दिक्कत होने लगी। जब प्रधान ने उसे हरकतों से बाज आने को कहा तो युवक उल्टा प्रधान को जान से मारने की धमकी देने लगा। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। मामले से जुड़े लोगों के बयान कलमबंद किए जा रहे हैं।
