युकां ने धूमल और अनुराग का पुतला फूंका

नाहन (सिरमौर)। युवा कांग्रेेस के नेताओं ने शनिवार को दिल्ली गेट में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल एवं उनके पुत्र सांसद अनुराग ठाकुर का पुतला फूंका और भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
शिमला संसदीय क्षेत्र के युकां अध्यक्ष संजय ठाकुर की अगुवाई में नाहन विधानसभा क्षेत्र युकां ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को पाक साफ बताया। नाहन क्षेत्र के अध्यक्ष सीवी चौहान ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री धूमल एवं उनके पुत्र बेदाग छवि के नेता मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को निशाना बना रहे हैं। उनके कार्यकाल में हुए कई अवैध कार्यों से जनता का ध्यान हटाने के लिए भाजपा वीरभद्र सिंह पर मनगड़ंत आरोप लगा रही है जिसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
कांग्रेस शिमला संसदीय क्षेत्र के महासचिव जयदीप शर्मा ने कहा कि धूमल एवं उनके पुत्रों पर भ्रष्टाचार एवं जमीन सौदे के जो मामले जांच के दायरे में हैं उनको प्रभावित करने के लिए भाजपा मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर झूठे आरोप लगा रही है जिसकी युवा कांग्रेस पुरजोर निंदा करती है। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अजय सोलंकी ने युवा कांग्रेस की ओर से जलाए गए पुतले का समर्थन करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को बदनाम करने की भाजपा की कोशिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने भाजपा नेता अरुण जेटली के बयानों की भी कड़े शब्दों में निंदा की।
युवा कांग्रेस के नेताआें ने भाजपा मुर्दाबाद के नारे भी लगाए।
इस मौके पर युवा कांग्रेस शहरी इकाई के अध्यक्ष ईशान राव, राजीव ठाकुर, यश अत्री, सुनील चौहान, विनीत शर्मा, पंकज तोमर, बाबी चौहान, योगेश, इकबाल मोहम्मद, एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष ओपी ठाकुर आदि ने भाजपा का विरोध किया।

Related posts