आज हाईकोर्ट को जांच रिपोर्ट सौंपेगा विजिलेंस

शिमला। कांग्रेस के पूर्व कार्यकाल में हुई चिट भर्ती मामले की जांच विजिलेंस ने पूरी कर दी है। सोमवार को विजिलेंस हाईकोर्ट के समक्ष अपनी जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करेगा। हाईकोर्ट के आदेश के बाद ही चिट भर्ती मामले की जांच फिर से खोली गई थी। एसपी की अध्यक्षता वाली जांच टीम कोर्ट की देखरेख में मामले की जांच कर रही है। इस मामले में 59 विभागों पर चिटों के आधार पर 3200 से अधिक चहेतों की भर्तियों के आरोप हैं। सूत्रों के अनुसार विजिलेंस ने अपनी जांच में करीब 51 विभागों को जांच में क्लीन चिट दी गई है। जांच अधिकारियों के अनुसार इन विभागों में किसी तरह की अनियमितताएं नहीं पाए जाने के कारण उन्हें क्लीन चिट दी गई है। इनमें चार विभागों में विजिलेंस ने सरकार से अभियोजन की मंजूरी के लिए लिखा है, जबकि अन्यों को बंद करने की सिफारिश की गई है। जिन चार विभागों में विजिलेंस ने सरकार से अभियोजन की मंजूरी मांगी थी, अभी तक नहीं मिली है। इस कारण विजिलेंस आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में चालान पेश नहीं कर पा रही है।

इनसेट:
सरकार को आज सौंपेंगे सीडी मामले की रिपोर्ट
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और उनकी सांसद पत्नी प्रतिभा सिंह की कथित लेन-देन की सीडी मामले की रिपोर्ट विजिलेंस आज सरकार को सौंपेगी। विजिलेंस ने प्रारंभिक जांच पूरी कर दी है। विजिलेंस जांच में सामने आया कि तत्कालीन संबंधित पुलिस अधिकारियों ने सीडी की फोरेंसिक जांच संबंधी कई तथ्य सरकार से जानबूझकर छिपाए और सरकार के समक्ष सही तथ्य पेश नहीं किए गए। डीआईजी विजिलेंस एपी सिंह ने बताया कि जांच में कई खामियां उजागर हुई हैं। सोमवार को सरकार को रिपोर्ट सौंपी जाएगी।

Related posts