
नूरपुर (कांगड़ा)। नूरपुर बार एसोसिएशन की ओर से विधायक अजय महाजन के सम्मान में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें नूरपुर बार एसोसिएशन के वकीलों ने अजय महाजन को सम्मानित किया तथा अपनी मांगों को लेकर मांग पत्र सौंपा। वकीलों को संबोधित करते हुए अजय महाजन ने कहा कि नूरपुर में अतिरिक्त सत्र न्यायालय खुलने से क्षेत्र की चिरलंबित मांग पूरी हुई है। उन्होंने बार एसोसिएशन की मांग पर वकीलों के बैठने के लिए शेड का निर्माण करने के लिए लोक निर्माण विभाग को तुरंत प्रारूप व आकलन करने के लिए आदेश दिए। बार रूम के रखरखाव और सौंदर्यीकरण के लिए अपनी विधायक निधि से 1 लाख रुपये देने की घोषणा की। एसोसिएशन ने बार रूम के सौंदर्यीकरण के लिए धनराशि जारी करने, वकीलों के बैठने के लिए शेड बनवाने, एसडीएम व तहसील कार्यालय लघु सचिवालय में शिफ्ट होने पर यह भवन कोर्ट को सौंपने, पुस्तकालय के लिए कमरा उपलब्ध करवाने तथा लघु सचिवालय में वकीलों के बैठने के लिए जगह उपलब्ध करवाने की मांग की। इस मौके पर बार एसोसिएशन के पूर्व प्रधान पीएस जग्गी, वरिष्ठ अधिवक्ता प्रभात चंद शर्मा, एमएस जम्वाल, जीएस मंडयाल, दलजीत गुलेरिया, अश्वनी, टीपू खान, आशुतोष शर्मा, रवि पुरी, सचित शर्मा, अम्बेश शर्मा, सुनील दत्त शर्मा तथा आदित्य शर्मा सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।
