
हमीरपुर। पूर्व भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष नरेंद्र अत्री पर मंगलवार रात हुए हमले के विरोध में बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने गांधी चौक पर प्रदर्शन किया। भाजपाइयों ने वामपंथियों द्वारा रात के अंधेरे में किए हमले की कड़े शब्दों में निंदा की और हमले में शामिल गुंडा तत्वों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। साथ ही चेताते हुए कहा कि यदि पुलिस प्रशासन ने हमलावरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं कि तो चुप नहीं बैठेंगे और ईंट का जवाब पत्थर से देंगे।
भाजपा नेताओं ने कहा कि हमले में शामिल गुंडातत्व पहले भी कई बार इस तरह की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं और हर बार बच निकलते हैं लेकिन इस बार यदि पुलिस प्रशासन ने कड़े कदम नहीं उठाए तो कार्यकर्ता चुप नहीं बैठेंगे। युवा नेता पर जिस तरह रात के अंधेरे में गुंडा तत्वों ने हमला किया उससे प्रदेश सरकार की कानून व्यवस्था की पोल खुल कर सामने आ गई है। प्रदेश में कानून व्यवस्था चरमरा गई है। गुंडातत्व बेखौफ होकर ऐसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
भाजपा जिला अध्यक्ष एवं नादौन विधायक विजय अगिभनहोत्री, पूर्व विधायक बलदेव शर्मा, नाचन विस क्षेत्र के विधायक विनोद कुमार, किन्नौर के पूर्व विधायक तेजवंत नेगी, जिला भाजपा महामंत्री राकेश ठाकुर, विजय पाल सोहारू, अजय शर्मा, रजनीश गौतम, भाजयुमो जिलाध्यक्ष सुरजीत ठाकुर, अनिल परमार, महामंत्री पवन शर्मा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष माया शर्मा आदि ने हमले की कड़े शब्दों में निंदा की और हमलावरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान अनिल सोनी, राकेश पठानिया, जोगेंद्र वर्मा, अजय शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
बाक्स
पूर्व मुख्यमंत्री ने नरेंद्र अत्री का हाल पूछा
पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने मारपीट की घटना में घायल भाजयुमो के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष नरेंद्र अत्री का कुशल क्षेम पूछा। धूमल ने बुधवार को क्षेत्रीय अस्पताल में उपचाराधीन अत्री का हाल पूछा तथा मामले को लेकर कड़ी कार्रवाई करवाए जाने का आश्वासन दिया। तत्पश्चात मुख्य चिकित्सा अधिकारी से मिलकर अत्री के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी हासिल की। मारपीट में नरेंद्र अत्री की नाक में काफी चोट आई है, नाक की हड्डी में फैक्चर हुआ है।
