हिमपात से जलोड़ी दर्रा पर आवाजाही ठप

कुल्लू। 10281 फुट ऊंचा जलोड़ी दर्रा फिर से वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गया है। हालांकि, दर्रा पर बस सेवा डेढ़ सप्ताह से बंद है, लेकिन बीते एक सप्ताह से छोटे वाहन दर्रा के आरपार चल रहे थे। मंगलवार रात को हुए हल्के हिमपात के बाद जलोड़ी दर्रा पर छोटे वाहनों की आवाजाही भी बंद हो गई है। ऐसे में लोगों को सोझा से पांच किलोमीटर पैदल चलकर दर्रा पर पहुंचना पड़ रहा है। बुधवार को सोझा से आगे छोटे वाहनों के न चढ़ने से करीब सौ लोगों ने दर्रा को आरपार किया है। जलोड़ी दर्रा स्थित बचाव दल के सदस्य बेली राम वर्मा ने बताया कि मंगलवार रात को दर्रा पर तीन इंच ताजा बर्फबारी हुई है। इसके चलते बंजार की ओर से सोझा से आगे वाहन नहीं चढ़ पा रहे हैं। उधर, स्थानीय व्यवसायी मोहर सिंह तथा दलीप सिंह ने कहा कि लोगों को सोझा तक पैदल सफर करना पड़ा है। उधर, लोक निर्माण विभाग बंजार के सहायक अभियंता जितेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि विभाग ने दर्रा को बहाल करने का काम शुरू कर दिया है।

Related posts