देर रात तक डीजे पर जमकर थिरके युवा

ऊना। 2014 के स्वागत के लिए मंगलवार को देर रात तक डीजे पार्टियों और अन्य समारोहों के दौर चलते रहे। नववर्ष के स्वागत को लेकर युवा वर्ग ने खासी दिलचस्पी दिखाई। आलम यह था कि कड़ाके की सर्दी भी युवाओं के जोश को ठंडा करने में पूरी तरह से नाकाम रही। जिला भर के विभिन्न स्थानों पर युवा डीजे पार्टियों में जमकर थिरके। ठीक रात 12 बजे वर्ष 2014 का वेल्कम आतिशबाजी और पटाखों के साथ हुआ। जिला मुख्यालय के सुविधा होटल एवं नटराज सहित अन्य होटलों में शानदार समारोह का आयोजन किया गया था। इसमें कई लोगों ने पार्टी में शरीक होकर जमकर मस्ती की और डीजे की धुनों पर खूब ठुमके लगाए। क्षेत्र के युवाओं में साहिल सेखड़ी, अरुण ठाकुर, दीपक जगोता, सन्नी, विवेक कुमार, विनय शर्मा, राहुल धीमान व हितेश कालिया ने रंगारंग कार्यक्रम के माध्यम से नए साल का इस्तकबाल किया। इसमें पंजाबी और हिंदी गीतों पर जबर्दस्त प्रस्तुतियां दी गईं। इसी बीच एक दूसरे को नए साल की बधाई संदेशों का दौर मोबाइल फोन पर भी जारी रहा। रात भर एक दूसरे को न्यू ईयर की बधाई भी फेसबुक, वट्स एप्स एवं एसएमएस के माध्यम से चलती रही। नटराज होटल में नववर्ष के आगाज पर फयिस्ता-2014 के कार्यक्रम में शहर के सैकड़ों लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाते हुए डीजे की धुनों पर खूब धमाल मचाया। वहीं न्यू पार्टी प्यूपल ग्रुप होशियारपुर द्वारा रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोगों को नाचने पर मजबूर कर दिया। पंजाबी, हिंदी एवं वेस्टर्न गीतों पर देर रात्रि तक लोगों ने मनोरंजन किया। नटराज पैलेस के एमडी नरेश बाली एवं वरुण बाली ने बताया कि इस कार्यक्रम में कई वरिष्ठ कंपनियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अपना योगदान दिया। इस मौके पर कार्यक्रम के आयोजक संदीप जगोता, पुलकित शर्मा, सौरव कपिला, अंकित पुरी सहित अन्य उपस्थित रहे।

Related posts