विवाहिता की संदिग्ध मौत, परिजनों का हंगामा

विवाहिता की संदिग्ध मौत, परिजनों का हंगामा
बद्दी (सोलन)। साई गांव में एक 20 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद मृतका के परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया और उसके ससुरालियों से हाथापाई की। महिला के परिजनों ने पति व सास ससुर पर नवविवाहिता को पीट पीट कर मौत के घाट उतारने का आरोप लगाया है, वहीं महिला का पति का कहना है कि उसकी पत्नी उसे पेड़ से लटकी मिली। बेहोशी की हालत में उसे बद्दी स्थित निजी चिकित्सालय पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बरोटीवाला पुलिस ने प्रारंभिक छानबीन के बाद फिलहाल पति को हिरासत में लेकर धारा 306 के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक भागुड़ी पंचायत के कोटला गांव की युवती का पांच माह पूर्व साई निवासी बीरबल से विवाह हुआ था। मृतका के पिता बृज लाल ने पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसकी बेटी से दहेज को लेकर लगातार मारपीट कर रहे थे। दिवाली को जब उसकी बेटी मायके आई तो उसने सारी बात उसे बताई। दामाद व बेटी को समझा बुझाकर वापस ससुराल भेजा, लेकिन मारपीट की सिलसिला जारी रहा। सोमवार सुबह उसे फोन आया कि उसकी बेटी बीमार है तथा उसे चिकित्सालय लाया गया, लेकिन यहां आने पर पता चला कि उसने दम तोड़ दिया है।
पिता का आरोप है कि युवती के गले में निशान था। हाथ की खाल उतरी हुई थी। पांव में घाव थे जिससे साबित होता है कि उसे बहुत मारा गया। मारने के बाद उसे पेड़ में टांगने का नाटक किया गया।
दूसरी ओर से मृतका की सास कृष्णा व ससुर मनीराम ने बताया कि रात के समय उनकी बहू का बेटे के साथ झगड़ा हुआ। रविवार रात साढ़े 12 बजे वह घर से निकल गई थी। उसे रात भर खोजते रहे, लेकिन जब कहीं पर नहीं मिली सुबह चार बजे वह घर के पीछे पेड़ में लटकी हुई मिली।
उधर, डीएसपी नरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि महिला के परिजनों के बयान पर धारा 306 के तहत मामला दर्ज कर पति को गिरफ्तार कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। शव को परिजनों को सौंप दिया जाएगा

Related posts