
सुंडला (चंबा)। रोजगार कार्यालय सुंडला में एक हफ्ते से ताला लगा है। इस कारण युवाओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यहां पर विकास खंड सलूणी की 46 पंचायतों के युवा अपना नाम दर्ज करवाने पहुंचते हैं। इसके अलावा कौशल विकास भत्ता और अन्य काम को लेकर युवा रोजगार कार्यालय पहुंच रहे हैं, लेकिन यहां पर पिछले लगभग एक हफ्ते से ताला लगा हुआ है।
कार्यालय बंद होने के चलते युवाओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी विपन कुमार, देस राज, चमन लाल, सुभाष कुमार, हसन सिंह, सुनील कुमार, देस राज और हेम राज ने बताया कि वे रोजगार कार्यालय से संबंधित काम को लेकर तीन-तीन बार सुंडला के चक्कर काट चुके हैं, लेकिन रोजगार कार्यालय बंद होने के कारण उनक ा काम नहीं हो पा रहा है। इस कारण जहां उनका समय बर्बाद हो रहा है वहीं अतिरिक्त अर्थिक बोझ भी उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि वह 40 से 45 किलोमीटर दूर से रोजगार कार्यालय पहुंचते हैं, लेकिन काम न होने पर उन्हें काफी परेशानी पेश आती है।
उधर, कार्यकारी जिला रोजगार अधिकारी पीएस चंबियाल ने बताया कि सुंडला रोजगार कार्यालय में एकमात्र कर्मचारी तैनात है तो बीमार हो गया है और अस्पताल में दाखिल है। इसके चलते कार्यालय बंद पड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि एक दो दिन के भीतर कार्यालय में कर्मचारी को भेज दिया जाएगा।
