वैन पेड़ से टकराई, चालक की मौत

कंडवाल (कांगड़ा)। पुलिस थाना नूरपुर की चौकी कंडवाल के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग-154 पर पक्का टियाला के पास एक तेज रफ्तार वैन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है। हादसे का कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक अमित कुमार पुत्र राजपाल निवासी ममून अपनी वैन (एचपी19 ए-8773) में सवार होकर जसूर से वापस अपने घर ममून की तरफ जा रहा था। जैसे ही वह पक्का टियाला के पास पहुंचा तो वैन तेज रफ्तार होने के चलते अनियंत्रित होकर सड़क किनारे शीशम के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक अमित कुमार की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मौके का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नूरपुर अस्पताल पहुंचा दिया। हादसे की पुष्टि करते हुए डीएसपी राजीव अत्री ने बताया कि पुलिस ने धारा 279, 337 और एमबी एक्ट 184 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है।

Related posts