चंबा को चमकाने का उठाया बीड़ा

चंबा। ‘ग्रीन वैली क्लीन वैली’ संस्था ने जिला चंबा को स्वच्छ और हरा भरा बनाने का बीड़ा उठाया है। चंबा शहर से लेकर जिला के गांव-गांव तक संस्था के सदस्य स्वच्छता का अलख जाएंगे। इसके लिए सलूणी, सिंगी और मैहला में जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
रविवार को युवा वर्ग की ग्रीन वैली क्लीन वैली संस्था ने उपायुक्त कार्यालय के पास पीर बाबा मंदिर के आस-पास साफ सफाई की। इसके बाद टैक्सी स्टेंड के पास नालियों में पड़ा कूड़ा साफ किया। इरावती होटल से लेकर मैन चौक तक सड़क के दोनों किनारे रंग रोगन कर बाजार की सुंदरता को चार चांद लगाए। चौंतड़ा मोहल्ला से शुरू हुए ग्रीन वैली क्लीन वैली संस्था के स्वच्छता अभियान ने मात्र छह माह में जिला का सौंदर्यीकरण करने और साफ सुथरा बनाने में अहम भूमिका निभाई है। सफाई के साथ-साथ संस्था के सदस्य पौधरोपण भी कर रहे हैं। अब तक उन्होंने 100 के करीब चील और अन्य किस्म के पौधे रोपे हैं। संस्था सफाई के साथ-साथ लोगों को जागरूक भी कर रही है। संस्था के सदस्यों ने स्थानीय कारोबारियों व टैक्सी चालकों को सफाई व्यवस्था के बारे में जागरूक भी किया। इस अवसर पर महासचिव देवन शर्मा, कोषाध्यक्ष मुस्कान जसरोटिया, तरूण शर्मा, निशांत शर्मा, विवेक शर्मा, मनीषा शर्मा, कनिका ठाकुर और दिव्यम मौजूद रहे।
इनसेट
ताकि पर्यटक यह न कहें की शहर गंदा है…
संस्था के अध्यक्ष नवजोत जोशी ने बताया कि वे हर शनिवार को एक योजना तैयार करते हैं और रविवार को साफ-सफाई के कार्य को अंजाम देते हैं। उन्होंने कहा कि अब तक उनके साथ लगभग 50 सदस्य जुड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें किसी प्रकार का कोई सहयोग नहीं मिल रहा है वह अपने दम पर ही जिला को स्वच्छ बनाएंगे। उन्होंने कहा कि बाहरी राज्यों या विदेशों से आने वाले पर्यटक यह न कहें कि चंबा में गंदगी है। इसी लिए उन्होंने सफाई करने का बीड़ा उठाया है।

Related posts