संवरेगा शहर का चिल्ड्रन पार्क

चंबा। सब कुछ योजना के मुताबिक हुआ तो शहर का चिल्ड्रन पार्क जल्द संवरेगा। जी हां, पार्क का जल्द जीर्णोद्धार होने जा रहा है। इसके सौंदर्यीकरण पर नगर परिषद की ओर से लगभग साढ़े चार लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी।
चिल्ड्रन पार्क में सुबह और शाम के समय भारी संख्या में छोटे-छोटे बच्चे खेलने पहुंचते हैं, लेकिन मौजूदा समय में पार्क की हालत दयनीय बनी हुई है। पार्क में जगह-जगह से रैलिंग टूट गई है। झूले की हालत भी खस्ता बनी हुई है। इस कारण नौनिहालों को खेलने के लिए उचित सुविधाएं नहीं मिल पा रही है। लेकिन जल्द इसका कायाकल्प होने जा रहा है। इसके लिए नगर परिषद ने सात जनवरी को टेंडर रखे हैं। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के कारण काम आवंटित कर दिया जाएगा और जल्द निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। नगर परिषद चौगान नंबर चार में बने चिल्ड्रन पार्क की मरम्मत की जाएगी। इसके लिए लगभग साढ़े चार लाख रुपये राशि मंजूर हो चुकी है। इससे चिल्ड्रन पार्क में रैलिंग लगाई जाएगी। फुटपाथ की मरम्मत की जाएगी। इसके अलावा पार्क में झूले और बैंच लगाए जाएंगे। इससे नौनिहालों को खेलने के लिए काफी सुविधा मिलेगी। नगर परिषद अध्यक्ष अनीता ठाकुर ने बताया कि चिल्ड्रन पार्क का जीर्णोद्धार किया जाएगा। इसके लिए नगर परिषद को साढ़े चार लाख रुपये की राशि मंजूर हो चुकी है। उन्होंने कहा कि सात जनवरी को टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।

Related posts