कब होगा सुजानपुर में पर्यटन विकास

सुजानपुर (हमीरपुर)। सुजानपुर में पर्यटन की अपार संभावनाएं होने के बावजूद ऐतिहासिक नगरी को पर्यटन के पंख नहीं लग पाए हैं। हालांकि राजनेता अपने भाषणों में सुजानपुर को पर्यटन नगरी बनाने की घोषणा करते हैं लेकिन उनकी ये घोषणाएं आज तक धरातल पर लागू नहीं हो पाई हैं। हालांकि कटोच वंश से संबंधित केंद्र्रीय मंत्री चंद्रेश रानी की कुलदेवी टीहरा में है। केंद्रीय मंत्री और प्रदेश सरकार चाहे तो यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं हो सकती हैं।
सुजानपुर से दो किमी की दूरी पर स्थित टीहरा को महाराजा संसार चंद ने अपनी राजधानी बनाया था। कटोच वंश का राजमहल और सुजानपुर में स्थित नर्वदेश्वर मंदिर को प्राचीन पुरातत्व विभाग ने अपने संरक्षण में ले रखा है। मंदिर में कांगड़ा चित्रकला शैली का जीवंत उदाहरण देखने को मिलता है लेकिन सरकार द्वारा यहां पर्यटन को बढ़ावा नहीं दिया जा रहा है। ऐसे में उपेक्षा का दंश झेल रही सुजानपुर नगरी पर्यटन की दृष्टि से पिछड़ रही है। क्षेत्र के लोगों को भी रोजगार के उचित साधन मुहैया नहीं हो पा रहे हैं। हालांकि क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाए तो यहां पर्यटन के साथ-साथ स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिल सकेगा। पर्यटन को बढ़ावा देने को कांग्रेस सरकार के पूर्व कार्यकाल में आईपीएच विभाग विश्राम गृह का शिलान्यास तत्कालीन आईपीएच मंत्री एवं वर्तमान स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ने किया था लेकिन भाजपा के सत्ता में आते ही शिलान्यासों पर विकास कार्यों को बंद कर दिया गया।
भाजपा कार्यकाल में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने टूरिज्म सूचना केंद्र का सुजानपुर में शिलान्यास किया लेकिन कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है।

Related posts