प्लीज! अपने एटीएम कार्ड का पिन बताएं

गगरेट (ऊना)। फोन पर एटीएम कार्ड का पिन नंबर पूछकर लाखों की ठगी करने वाला गिरोह सक्रिय हो गया है। रोजाना ही इस तरह फेक काल्स लोगों के मोबाइल पर आ रही हैं। इसी तरह का एक अज्ञात फोन शुक्रवार को गगरेट नगर के ठेकेदार संजीव पराशर के मोबाइल नंबर पर आया।
फोन पर अज्ञात शातिर ने कहा कि वह बैंक अथारिटी से बोल रहा है। प्लीज, अपने एटीएम कार्ड का पिन नंबर बताएं नहीं तो आपका एटीएम काम करना बंद कर देगा। हालांकि संजीव पराशर इन फेक कॉल से वह पूरी तरह सजग थे। संजीव पराशर ने उसे एटीएम कार्ड का पिन नंबर तो नहीं बताया, लेकिन उस ठग पर खूब बरसे। घबराकर उक्त ठग ने गालियां सुनकर फोन ही काट दिया। उधर पुलिस अधीक्षक अनुपम शर्मा ने कहा है कि ऐसी किसी भी संदिग्ध कॉल पर अपने एटीएम नंबर सहित अन्य जानकारी न दें। उन्होंने कहा कि संदिग्ध कॉल्स के संबंध में तुरंत पुलिस को सूचित करें।

Related posts