
मनाली। ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री अनिल शर्मा ने कहा है कि जिला कुल्लू में मनरेगा के तहत चालू वित्त वर्ष में 35 करोड़ खर्च किए जाएंगे। यह जानकारी अनिल शर्मा ने शुक्रवार को मनाली के निकटवर्ती गांव जगतसुख में 9.57 लाख से बनने वाले पशु औषधालय भवन का शिलान्यास करने के बाद स्थानीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सभी पंचायतीराज संस्थाओं को अत्याधुनिक ब्राडबैंड सुविधा से जोड़ने की दिशा में कार्य कर रही है। इसके लिए दूरसंचार विभाग और भारत ब्राडबैंड नेटवर्क लिमिटेड के साथ समझौता किया जा रहा है। इस मौके पर अनिल शर्मा ने ग्राम पंचायत जगतसुख के पंचायत घर के लिए 5.40 लाख और सीनियर सेकेंडरी स्कूल के कंप्यूटरों के लिए एक लाख मंजूर करने की घोषणा की। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को अपनी ऐच्छिक निधि से पांच हजार रुपये देने का ऐलान भी किया। इससे पहले प्रधानाचार्य टशी आमो ने वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी और स्कूल की विभिन्न गतिविधियों तथा उपलब्धियों की जानकारी दी। समारोह में विधायक ठाकुर गोविंद सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष हरि चंद शर्मा और प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता भुवनेश्वर गौड़ ने भी अपने विचार रखे।
