कार खाई में गिरी; कार चालक की मौत

कुल्लू। बंजार-आनी सड़क पर एक कार के खाई में गिरने से कार चालक की मौत हो गई। पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर भादंसं की धारा 279 और 304 ए के तहत मामला दर्ज कर शव को कब्जे में ले लिया है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को साैंप दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को टेलीफोन पर सूचना मिली कि कोलथा नाला के समीप एक कार खाई में गिरी है। सूचना मिलते ही आनी थाना से एएसआई नरेंद्र कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और खाई में गिरी कार से मृतक को बाहर निकाला। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। इस सड़क हादसे में कार चालक की पहचान आनी के कालगी निवासी राम लाल के रूप में हुई है। डीएसपी ने कहा कि मौके पर हादसा लापरवाही से वाहन चलाने से पेश आया है। मामले की छानबीन एएसआई नरेंद्र को सौंपी गई है।

555 ग्राम चरस समेत एक गिरफ्तार
भुंतर (कुल्लू)। गड़सा घाटी में पुलिस ने नाका लगाकर एक शख्स को चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट 20 के तहत मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस टीम गुप्त सूचना के आधार पर गड़सा घाटी के चुटबिहाली के समीप एएसआई राम लाल के नेतृत्व में आने-जाने वाले लोगों की तलाशी कर रही थी। उसी दौरान एक नेपाली मूल के गोविंद बहादुर को तलाशी के लिए रोका गया तो उससे 555 ग्र्राम चरस बरामद की गई। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर कड़ी पूछताछ करेगी।

Related posts