कांगड़ा शहर में बनेगी दो मंजिला पार्किंग

कांगड़ा। नगर परिषद की बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया कि परिषद के कार्यालय में मौजूदा पार्किंग स्थल पर लगभग 70 लाख की लागत से दो मंजिला पार्किंग का निर्माण करवाया जाएगा। इसके साथ ही शहर के कूड़े दानों से कूड़ा उठाने के लिए डंपर प्रेशर ट्रक लिया जाएगा। सुमन वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में फैसला लिया गया कि शहर की साथ सटी पंचायतों में जहां नप की गाड़ी कूड़ा उठाने जाती है, उन पंचायतों से पैसे नहीं मिलते हैं तो भविष्य में नप वहां कूड़ा उठवाने के लिए वाहन नहीं भेजेगी। पुराना कांगड़ा बालाजी मार्ग पर पड़े मलबे को भी जल्द हटाया जाएगा, ताकि यहां वाहनों और राहगीरों की सुरक्षित आवाजाही हो सके। निर्णय लिया गया कि शहर के नौ वार्डों की स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त किया जाएगा। इसके साथ ही परिषद के प्रत्येक वार्ड में सफाई के लिए अलग अलग कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। बैठक में शहर में दो निजी कंपनियों के मोबाइल टावर लगाए जाने की भी अनुमति दी गई। मनोनीत पार्षद मुनीष शर्मा ने शहर में सुस्त गति से चल रहे सीवरेज कार्य को लेकर नाराजगी जताई और इस कार्य को जल्द पूरा करने की चर्चा बैठक में की। इस पर नप अध्यक्ष सुमन वर्मा ने कहा कि सीवरेज का कार्य जल्द मुकम्मल करने के बाद शहर की सड़क को पक्का किया जाएगा। इस मौके पर नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी केएल ठाकुर, उपाध्यक्ष अशोक शर्मा, पार्षद सुषमा वर्मा, राधा मेहरा, अनुराधा, अश्वनी काका, विश्वकांत शर्मा, विजय चड्ढा, अनुराधा गुप्ता भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

Related posts