बेटे को पागल खाने भेजने की गुहार लगाई

चंबा। तीसा की बघेईगढ़ पंचायत की एक महिला ने उपायुक्त संदीप कदम से अपने मानसिक रूप से परेशान बेटे को पागल खाने भेजने की गुहार लगाई है। इस संबंध में वीरवार को नेत्रू देवी पत्नी स्व. दास निवासी गांव घेईया पंचायत बघेईगढ़ ने एक मांग पत्र उपायुक्त को सौंपा और बताया कि रामदयाल पुत्र दास को पागलपन के दौरे पड़ते हैं और वह परिवार व पड़ोसियों को मारने दौड़ता है। नेत्रू देवी ने बताया कि रामदयाल के छोटे-छोटे बच्चे हैं और उन बच्चों का पालन पोषण भी वह स्वयं कर रही है। रामदयाल को नशे की आदत पड़ गई है और उसका दिमागी संतुलन ठीक नहीं है। उन्होंने बताया कि 29 नवंबर को इस संबंध में बघेईगढ़ पंचायत में भी प्रस्ताव डाला गया था। पंचायत प्रधान ने प्रस्ताव एडीसी को भेजा था और उसके बाद प्रस्ताव एसपी चंबा को भेजा गया। अभी तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। नेत्रू देवी ने बताया कि रामदयाल अपने छोटे-छोटे बच्चों से भी मारपीट करता है। वह कभी भी किसी पर जानलेवा हमला कर सकता है। उन्होंने उपायुक्त से इस व्यक्ति को पागलखाने भेजकर उसका दिमागी इलाज करवाने की मांग की है। उधर, उपायुक्त संदीप कदम ने महिला को आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

Related posts