
डलहौजी (चंबा)। पर्यटन नगरी डलहौजी के पर्यटन व्यवसाय के लिए हाल ही में हुई बर्फबारी सौगात लेकर आई है। कई महीनों से मंदी की मार झेल रहे पर्यटन व्यवसाय में इस बर्फबारी ने नई जान फूंक दी है। डलहौजी इन दिनों पर्यटकों से गुलजार है। क्रिसमस के बाद अब नए वर्ष को लेकर होटल व्यवसायी काफी उत्साहित हैं। नए वर्ष की पूर्व संध्या पर होने वाले कार्यक्रमों को लेकर पर्यटक भी जानकारियां प्राप्त कर रहे हैं। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार 31 दिसंबर को फिर से बर्फबारी होने के आसार बताए जा रहे हैं। वहीं इस मौके को भुनाने के लिए सरकारी व निजी होटल प्रबंधक पूरी तरह तैयार हैं। पर्यटन निगम के होटल मणिमहेश में भी नव वर्ष की पूर्व संध्या पर डीजे नाइट के साथ-साथ पर्यटकों के मनोरंजन के लिए कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। नव वर्ष की पूर्व संध्या पर होटल मणिमहेश की ओर से मणिमहेश क्वीन का खिताब भी दिया जाएगा। इसके अलावा पर्यटकों के लिए कई प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा। निगम के वरिष्ठ प्रबंधक हेमराज शर्मा व फ्रंट आफिस के इंचार्ज मनिंद्र ने बताया कि 31 दिसंबर को होने वाली डीजे नाइट के दौरान मणिमहेश प्रिंस, मणिमहेश प्रिंसेस, बेस्ट कपल, बेस्ट किड के अलावा तंबोला, लेमन डांस व अन्य कई प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इस डीजे नाइट के लिए 1500 रुपये प्रति कपल फीस तय की गई है। डलहौजी के निजी होटल भी नव वर्ष कि पूर्व संध्या पर होने वाले कार्यक्रमों को लेकर तैयार हैं। निजी होटलों में भी पर्यटकों के मनोरंजन के लिए कई तरह के आयोजन किए जा रहे हैं। बाहरी राज्यों से भी पर्यटक नव वर्ष के लिए होटलों में बुकिंग के लिए जानकारियां प्राप्त कर रहे हैं। इस मौके पर होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेंद्र पुरी ने बताया कि डलहौजी के होटल नव वर्ष की तैयारी में जुटे हैं। उन्होंने बताया कि मौसम खुशगवार होने के कारण नव वर्ष पर काफी संख्या में पर्यटकों के आने की संभावना है।
