
मौहल (कुल्लू)। जिला मुख्यालय के साथ सटे मौहल में मारपीट, हुड़दंग मचाने और धमकाने पर पुलिस ने जमीन मलिक के फील्ड मैनेजर की शिकायत पर भादंसं की धारा 147,148,149,
323, 395, 427, 452, 436, 448 और 506 के तहत करीब पांच दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस में दर्ज करवाई गई एफआईआर में फील्ड मैनेजर संजय शर्मा ने कहा है कि 25 दिसंबर को सुबह करीब सात बजे कुछ लोगों ने हाथों में औजार लेकर उनकी जमीन में जबरन घुसकर तोड़फोड़ की तथा चालक और गार्ड को धमकाया। इतना ही नहीं, जमीन पर बने एक खोखेनुमा मकान और इसमें रखे सामना को भी तोड़ दिया। शिकायत में कहा कि मारपीट करने वाले लोगों ने मोबाइल फोन, बिजली मीटर, सीसीटीवी कैमरा, सात बेड और अन्य सामान को भी चोरी कर लिया है। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मामले की छानबीन का जिम्मा एएसआई राजेश कुमार को सौंपा गया है।
ऑटो की टक्कर से महिला घायल
कुल्लू। बंदरोल के समीप एक ऑटो कार की टक्कर से महिला घायल हो गई। टक्कर के बाद ऑटो चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने स्थानीय लोगों की शिकायत पर ऑटो चालक के खिलाफ लापरवाही, तेजरफ्तारी और यातायात के नियमाें की अवहेलना करने का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस में दर्ज करवाई एफआईआर में बंदरोल निवासी केशव राम ने कहा है कि 25 दिसंबर को बंदरोल के समीप एक ऑटो ने सड़क पार कर रही महिला को टक्कर मार कर मौके से फरार हो गया है। डीएसपी संजय शर्मा ने बताया कि ऑटो चालक के खिलाफ भादंसं की धारा 279, 337 और एमवी एक्ट 184,187 के तहत मामला दर्ज कर ऑटो चालक की तलाश शुरू कर दी है। टक्कर में घायल महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की छानबीन हेडकांस्टेबल माया कर रही हैं।
