
कुमारसैन (शिमला)। एचआरटीसी की लंबे रूटों की बसें कुमारसैन बाजार नहीं आने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस कारण तहसील मुख्यालय जाने के लिए लोगों को पैदल सफर करना पड़ता है। कई बार निगम को अवगत करवाने के बावजूद लोगों की मांग पूरी नहीं हो पाई है।
कुमारसैन जन कल्याण समिति के अध्यक्ष अनिल गुप्ता, सचिव नीरज सोनी, कुमारसैन पंचायत के प्रधान प्रवीण वर्मा, बीडीसी आरती निर्मोही, व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल ने बताया है कि लंबे रूट की अधिकतर बसेें बराड़ा में सवारियां उतार देती हैं। यदि इन्हें कुमारसैन आने के लिए कहा जाए तो वे आनाकानी करते हैं। इस कारण इन्हेें खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्हाेंने निगम से बसों को कुमारसैन बाजार होकर चलाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर निगम ने ऐसा नहीं किया, तो आंदोलन किया जाएगा।
इस संबंध में परिवहन निगम के आरएम गुरबचन सिंह ने कहा है कि लोकल रूट की बसें कुमारसैन जा रही हैं, लेकिन लंबे रूट की दिल्ली, जम्मू, हरिद्वार की बसें बाजार में नहीं आ रही हैं। अगर ये बसें अंदर गई तो आगे उन्हें सवारियां नहीं मिलती हैं। इनका काउंटर टाइम भी फिक्स होता है। कुमारसैन बाजार में निजी गाड़ियां इतनी होती हैं कि बसों को मुड़ने में 20-25 मिनट या अधिक समय लग जाता है।
