निरंकुश कंपनी, बेबस परिवहन महकमा

हल्द्वानी। परिवहन विभाग हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाने वाली निजी कंपनी के आगे बेबस हो गया है। कुछ समय बाद नंबर प्लेट लगाने की दिक्कत आती है, अधिकारी कार्रवाई की हुंकार भरते है, पर मामला पत्राचार तक सिमट कर रह जाता है। अब एक बार फिर नंबर प्लेट को लेकर अराजकता बनी हुई है। आरटीओ हल्द्वानी में करीब एक महीने से बाइकों में नंबर प्लेट नहीं लग पा रही है, जिससे सैकड़ों वाहनों के रजिस्ट्रेशन का काम भी लटक गया है।
बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगे वाहनों के रजिस्ट्रेशन का काम पूरा नहीं हो सकता है, पर जिस कंपनी कंपनी को नंबर प्लेट लगाने का काम सौंपा गया है, उसके आगे परिवहन विभाग नतमस्तक है। कुछ समय छोड़ दिया जाए तो कथित तौर पर कंपनी प्लेट लगाने में समर्थ नहीं हो पा रही है। करीब डेढ़ साल पहले कथित तौर पर एक शक्तिशाली कैबिनेट मंत्री के वाहन में नंबर प्लेट लगाने में चक्कर लगवा दिए थे। इससे नाराज कैबिनेट मंत्री ने जब देहरादून तक अधिकारियों को कसा, तो नंबर प्लेट लग पाई। कमोबेश यही स्थिति इस समय भी बनी हुई है। आरटीओ हल्द्वानी कार्यालय में करीब एक महीने से बाइकों में नंबर प्लेट नहीं लग पा रही है। बाइक सवार चक्कर काट रहे हैं, पर कोई जवाब देने की स्थिति में नहीं है। कार्यालय में हंगामे जैसी स्थिति है। खुद एआरटीओ संदीप वर्मा मान रहे हैं कि करीब 1400 बाइकों में नंबर प्लेट लगने का काम बाकी है। आरटीओ वर्मा का कहना है कि एक महीने से नंबर प्लेट कंपनी नहीं लगा सकी है, जिससे यह स्थिति आई है। इस संबंध में कंपनी को पत्र लिखा गया है।

Related posts