उत्तरकाशी में भूकंप के झटकों से घबराए लोग

उत्तरकाशी। बुधवार को जिले के विभिन्न हिस्सों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। अनहोनी की आशंका को देखते हुए लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर चार मापी गई। इस साल अभी तक चार बार भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं।
बुधवार की सुबह 8 बजकर 27 मिनट में एकाएक लोगों को घरों में कंपन होने लगी। भूकंप का अहसास होते ही लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। किसी तरह का नुकसान नहीं होने पर लोगों ने राहत की सांस ली। भूकंप का केंद्र जिले के मोरी और हिमाचल प्रदेश की सीमा पर बताया जा रहा है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने बताया कि भारतीय मौसम विभाग दिल्ली के अनुसार उत्तरकाशी में बुधवार सुबह 8:27 बजे भूकंप का झटका आया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता चार नापी गई है। इसी साल जनपद में भूकंप के चार झटके महसूस किए गए। वर्ष 1991 में विनाशकारी भूकंप की त्रासदी झेल चुके जनपदवासी बार-बार आ रहे भूकंप के झटकों से दहशत में हैं। संवेदनशील जोन में बसे उत्तरकाशी के लोग यही सोचते हैं कहीं ये छोटे झटके किसी बड़ी आपदा का संकेत तो नहीं।

बीते सालों में उत्तरकाशी में आए भूकंप

दिनांक रिक्टर स्केल पर तीव्रता
18 मार्च 2009 3.3
21 सितंबर 2009 4.7
28 अगस्त 2011 2.8
21 सितंबर 2011 3.1
24 नवंबर 2011 3
30 नवंबर 2011 3.2
10 फरवरी 2012 5
13 नवंबर 2012 2.5
11 फरवरी 2013 4.3
17 फरवरी 2013 3.2
5 सितंबर 2013 3.5
25 दिसंबर 2013 4.0

Related posts