
चंबा। पुलिस मैदान बारगाह में पांच फरवरी को जिला स्तरीय दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता अव्वल रहने वाले प्रतिभागियों को नकद इनाम दिए जाएंगे। प्रतियोगिता में जिला के युवाओं के लिए तीन से पांच हजार रुपये का नकद इनाम जीतने का सुनहरा अवसर है। यह प्रतियोगिता जिला युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के सौजन्य से करवाई जाएगी। यह प्रतियोगिता दो वर्गों के लिए आयोजित की जाएगी। इसमें 13 से 15 और 16 से 19 वर्ष तक के युवा हिस्सा ले सकते हैं। प्रतियोगिता लकड़े और लड़कियां दोनाें वर्गों के लिए होगी। प्रतियोगिता के दौरान 13 से 15 वर्ष तक के प्रतिभागियों के लिए तीन हजार मीटर रेस आयोजित की जाएगी। इसके अलावा 16 से 19 वर्ष की आयु के प्रतिभागियों के लिए पांच हजार मीटर दौड़ रखी गई है। प्रतियोगिता में पहला स्थाना हासिल करने वाले प्रतिभागी को जिला युवा सेवाएं एवं खेल विभाग की ओर से पांच हजार रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। इसके अलावा द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को चार हजार और तीसरा स्थान पाने वाले को तीन हजार रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी सुदेश धीमान ने बताया कि प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चुना जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता 15 मार्च को हमीरपुर में आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के इच्छुक प्रतिभागी अपना आयु प्रमाण पत्र साथ लाएं।
