मनरेगा में मंडी को राष्ट्रीय अवार्ड

मंडी। ग्रामीण विकास मंत्रालय भारत सरकार की ओर से जिला मंडी को वर्ष 2011-12 में मनरेगा योजना के तहत महिला सशक्तिकरण के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। शनिवार को दिल्ली में आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने उपायुक्त देवेश कुमार को सम्मान प्रदान किया।
केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी मनरेगा योजना के कार्यान्वयन में महिलाओं की उत्कृष्ट सहभागिता सुनिश्चित करने तथा इस योजना के माध्यम से महिलाओं का सशक्तिकरण करने के लिए जिला मंडी को राष्ट्रीय अवार्ड प्रदान किया गया।
मनरेगा योजना के तहत वर्ष 2011-12 में मंडी जिले में 130 करोड़ की राशि व्यय कर 72 लाख मानव दिवसों का सृजन किया गया था। इसमें 54 लाख मानव दिवस महिलाओं द्वारा अर्जित किए जो कुल मानव दिवसों का 75 प्रतिशत है। मनरेगा में महिलाओं की भागीदारी में जिला मंडी पूरे देश में सबसे आगे है।

Related posts