शिकारियों ने जीव-जंतुओं पर तानी बंदूकें

कुल्लू। हाल में हुई भारी बर्फबारी से जिला के जंगल तथा पहाड़ियां बर्फ से लकदक हो गए हैं। लिहाजा, यहां बसेरा करने वाले विभिन्न प्रजाति के वन्य प्राणियों ने कड़ाके की ठंड से बचने के लिए रिहायशी इलाकों का रुख कर लिया है। ऐसे में शिकारियों ने जीव-जंतुओं पर अपनी बंदूकें तान ली हैं। उधर, वन विभाग भी अलर्ट हो गया है और शिकारियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। जिला के मणिकर्ण, लगघाटी, सैंज घाटी, टकरासी बीट तथा ऊझी घाटी में शिकारियों की नजर शिकार पर है। वहीं, विश्व धरोहर की राह पर खड़ा ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क में खासकर जजुराणा, कस्तूरी मृग तथा मोनाल जैसे जीव-जंतु शिकारियों की नजर पर हैं। सूत्र बताते हैं कि रोजाना शाम ढलते ही शिकारियों की टोलियां अपने-अपने क्षेत्र के दुर्गम जंगलों का रुख कर जंगली मुर्गा, कक्कड़ तथा मोनाल आदि को अपना निशाना बना रही हैं। उधर, वन्य प्राणी विभाग ने अपने अधिकारियों तथा फील्ड स्टाफ को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए अपने-अपने क्षेत्र में रेकी कर शिकारियों पर नजर रखने को कहा है। अरण्यपाल ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क बीएस राणा ने बताया कि बर्फबारी के बाद विभाग ने सतर्कता को एकाएक बढ़ा दिया है। इसके लिए पार्क क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे के अलावा कमेटियों का गठन भी किया गया है।

Related posts