
रूपनगर (नंगल)। नंगल के कस्बा एमपी कालोनी में नहाते समय एक युवक गैस गीजर के कारण बेहोश हो गया। इस युवक को बेहोशी की हालत में बीबीएमबी के कैनाल अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई रेफर कर दिया है। पीजीआई में युवक का उपचार चल रहा है। नंगल के कस्बा एमपी कालोनी का 22 वर्षीय सुनील कुमार सुबह बाथरूम में नहा रहा था। सुनील पेशे से मोटर मैकेनिक है। सुनील के भाई अश्वनी कुमार ने बताया कि सुनील सुबह बाथरूम में नहा रहा था। बाथरूम में गैस गीजर लगा हुआ है। अश्वनी के मुताबिक जब सुनील को बीबीएमबी अस्पताल लेकर गए तो चिकित्सकों ने बताया कि सुनील गैस लगने के कारण अचेत हो गया है। अचेतावस्था से न लौटने की वजह से चिकित्सकों ने सुनील को पीजीआई रेफर कर दिया। सुनील को 108 एंबुलेंस के जरिए पीजीआई ले जाया जा रहा था। पंजाब के नियमों के मुताबिक 108 एंबुलेंस 40 किलोमीटर से आगे के दायरे में नहीं जा सकती। बेहोश सुनील को एंबुलेंस ने रूपनगर तक पहुंचाया। उद्योग मंत्री मदन मोहन मित्तल के निजी सचिव विनय अग्रवाल ने बताया कि मंत्री के आदेशों पर उन्होंने रूपनगर अस्पताल से दूसरी एंबुलेंस की व्यवस्था करके सुनील को पीजीआई पहुंचाने का प्रबंध कराया। उन्होंने बताया कि सुनील का पीजीआई में उपचार चल रहा है। अग्रवाल के मुताबिक पीजीआई के चिकित्सकाें ने कहा कि सुनील का उपचार तो बीबीएमबी अस्पताल में भी हो सकता था। उसे पीजीआई लाने की आवश्यकता नहीं थी। अग्रवाल ने बताया कि पूरी स्थिति के संदर्भ में उद्योग मंत्री मदन मोहन मित्तल को भी अवगत कराया गया है।
