
संतोषगढ़ (ऊना)। प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला की ओर से एसवीएसडी कालेज भटोली की कार्यप्रणाली की जांच के आधार पर तैयार की गई रिपोर्ट विवि की तीस दिसंबर को होने वाली एजूकेशन काउंसिल की बैठक में रखी जाएगी। बैठक में रिपोर्ट पेश किए जाने के बाद ही भटोली कालेज के सरकारीकरण मामले पर आगामी कार्रवाई संभव होगी। ईसी की बैठक में ही कालेज की समग्र जांच रिपोर्ट में किन-किन खामियों को जांच कमेटी की ओर से उजागर किया गया है, ऐसे तथ्य भी सामने आएंगे। उल्लेखनीय है कि भटोली कालेज की समग्र जांच के लिए प्रदेश विवि की शैक्षणिक शाखा एवं सहायक कुल सचिव की ओर से जारी अधिसूचना संख्या 1/3-3/76 हिप्र. वि.शै. भाग-8 दिनांक पांच नवंबर 2013 को जारी कर विवि के डीएस प्रो. सुरेश कुमार की अध्यक्षता में समिति का गठन किया गया। इसमें विवि के प्रो. आरएस चौहान, लोक प्रशासन विभाग के प्रो. संजीव महाजन, कामर्स विभाग के प्रो. एसएस नाटा, विधि विभाग के प्रो. एचआर जिगटा एवं फिजिक्स विभाग के प्रो. एनएस नेगी को भी शामिल किया गया था। जांच समिति ने 9 एवं 10 नवंबर को भटोली कालेज का दौरा कर कालेज की कार्यप्रणाली की समग्र जांच करने के साथ ही क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधियों एवं जिला परिषद उपाध्यक्ष अवतार सिंह, कालेज के कर्मचारियों के भी बयान कलमबद्ध किए गए थे। जांच समिति के अध्यक्ष प्रो. सुरेश कुमार ने पुष्टि करते हुए बताया कि 30 दिसंबर को होने वाली ईसी की बैठक में भटोली कालेज की जांच रिपोर्ट पर चर्चा होगी। उन्होंने बताया कि बैठक में विवि के उपकुलपति, प्रदेश सरकार के प्रतिनिधि एवं अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। प्रदेश विश्व विद्यालय के उपकुलपति प्रो. एडीएन बाजपेयीका कहना है कि भटोली कालेज जांच रिपोर्ट को ईसी की बैठक में ही खोला जाएगा। ईसी की बैठक में रिपोर्ट संबंधी आगामी निर्णय लिया जाएंगे।
