
पिथौरागढ़। मात्र 200 रुपए मासिक मानदेय में काम कर रहे जिले के ग्राम प्रहरियों ने मंगलवार से यहां कलक्ट्रेट में बेमियादी धरना शुरू कर दिया है। ग्राम प्रहरियों की मांग है कि उनको नियमित सेवा में लिया जाए, योग्यता के अनुसार राजस्व विभाग में समायोजन किया जाए, बोनस तथा अन्य भत्तों की सुविधा दी जाए और हर ग्राम प्रहरी को वर्दी प्रदान की जाए।
ग्राम प्रहरियों ने गत छह दिसंबर को प्रशासन को यह अल्टीमेटम दिया था कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं की गई तो आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। आज बड़ी संख्या में ग्राम प्रहरी कलक्ट्रेट पहुंचे। धरनास्थल पर उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कहा कि सरकार ने उनको जिम्मेदारी तो बहुत दी है लेकिन सुविधा के नाम पर कुछ नहीं दिया जा रहा है। धरने पर पूरन बारुणी, केवलानंद पाठक, राम प्रसाद, किशन राम, नारायण राम, कैलाश राम, सुंदर लाल, प्रकाश सिंह, प्रमोद कुमार, हरीश राम आदि थे। ग्राम प्रहरियों ने मांग पूरी होने तक धरना जारी रखने का फैसला लिया है।
