बच्चों को चौलाई के लड्डू खिलाएगी सरकार

हल्द्वानी/नैनीताल/भीमताल/रामनगर। बच्चों को कुपोषण से बचाने के लिए सरकार ने आंगनबाड़ी केंद्रों में टेक होम राशन योजना शुरू की है। जिलेभर में मंगलवार से यह योजना लागू हो गई। इसके तहत गर्भवती, धात्री महिलाओं को 175, तीन वर्ष तक के बच्चों को 150, अति कुपोषित बच्चों को 225 रुपये का मासिक पौष्टिक आहार मिलेगा। डीएम अरविंद सिंह ह्यांकी ने महिला सशक्तिकरण और बाल विकास विभाग की माता समिति के माध्यम से नैनीताल में योजना का शुभारंभ किया।
राजकीय प्राथमिक स्कूल मल्लीताल में आयोजित कार्यक्रम में डीएम ने कहा कि बच्चों को संतुलित आहार न मिलने से कुपोषण समेत कई बीमारियां उन्हें घेर लेती हैं। इस योजना के तहत 6 माह से 3 वर्ष तक के बच्चों के लिए प्रतिमाह दो किलो दलिया या सूजी के अलावा 500 ग्राम भुना चना और चौलाई का लड्डू दिया जाएगा।
इसके अलावा गर्भवती और धात्री माताओं को डेढ़ किलो सोयाबीन की दाल, आयोडीन नमक और गुड़ मिलेगा। जिला कार्यक्रम अधिकारी पीएस बृजवाल ने योजना की जानकारी दी। केंद्र में 45 राशन के पैकेट बांटे गए। इस दौरान पर्यवेक्षक चंद्रा जोशी, नैना साह, चंपा आर्या, मंजू साह, प्रभा नेगी, ममता साह आदि मौजूद थे। हल्द्वानी स्थित गांधीनगर में नगर मजिस्ट्रेट आरडी पालीवाल, बिठौरिया नंबर एक में एबीडीओ हर सिंह मेहरा, गौजाजाली में हेमंत पाठक, भगवानपुर में प्रीतम तोलिया ने योजना शुरू करवाई आंगनबाड़ी केंद्र बिष्टधड़ा बिठौरिया में 25 दिन का पोषाहार बंटा गया। इस मौके पर पूर्व प्रधान दया बेलवाल, मुख्य सेविका पूनम गोस्वामी, दीपा सामंत समेत प्रेरणा स्वयं सहायता समूह की सदस्य महिलाएं मौजूद रहीं। भीमताल में सीडीओ ललित मोहन रयाल ने योजना शुरू की। कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी कमला कोरंगा, मुख्य सेविका वसुधा गुंज्याल, गीतिका जोशी, रेनू बोरा, माता समिति अध्यक्ष कविता भाकुनी आदि मौजूद थे। नगर पंचायत के वार्ड नंबर तीन में सभासद नवीन नौटियाल ने योजना का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि कुंवर सिंह कुमल्टा और रामपाल गंगोला ने राशन के 20 पैकेट बांटे। मल्ला ओखलकांडा में बाल विकास परियोजना अधिकारी कला बाई की उपस्थिति, धारी में एसडीएम चंद्र सिंह इमलाल, रामनगर में एसडीएम एसएस जंगपांगी ने योजना शुरू करवाई।

Related posts