हिमाचल की टीम में कुल्लू की दो बेटियां

कुल्लू,। कुल्लू की दो बेटियों का सिलेक्शन राज्य हैंडबाल टीम के लिए हुआ है। अंडर-14 की दोनों छात्राएं मंगलवार को अपने कोच ओम प्रकाश ठाकुर के साथ ऊना के रायसेरी में होने वाले छह दिवसीय कोचिंग कैंप के लिए रवाना हो गई हैं। कोच तथा जिला सहायक शारीरिक अधिकारी राम सिंह ठाकुर को उम्मीद है कि कुल्लू जिले की ये दोनों छात्राएं राष्ट्रीय स्पर्धा में अपना शानदार प्रदर्शन कर टीम को जीत दिलवाएंगी। राष्ट्रीय हैंडबाल प्रतियोगिता दो से छह जनवरी तक दिल्ली में होगी। राम सिंह ठाकुर ने कहा कि गत दिन डीएवी ऊना में हुई राज्य स्तरीय स्पर्धा में दोनों छात्राओं का प्रदर्शन बेहद प्रशंसनीय रहा है। अंजलि तथा डिंपल कुल्लू जिले के मणिकर्ण घाटी के मिडल स्कूल कसोल की छात्राएं हैं। हैंडबाल कोच ओम प्रकाश ठाकुर ने कहा कि दोनों छात्राएं कोचिंग के लिए ऊना रवाना हो गई हैं। यहां पर 25 से 30 दिसंबर तक हिमाचल की हैंडबाल टीम का छह दिवसीय कोचिंग कैंप चलेगा। उन्होंने कहा कि इसके बाद टीम राष्ट्रीय स्पर्धा में भाग लेने के लिए दिल्ली रवाना होगी।

Related posts