
भरवाईं (ऊना)। चिंतपूर्णी के एक थोक व्यापारी की ट्राला जीप को पंजाब के डमटाल के समीप हाईवे पर अज्ञात लुटेरे लूटकर ले गए। जीप में लगभग चार लाख का रिफाइंड तेल एवं डालडा घी लदा हुआ था।
जानकारी के मुताबिक चिंतपूर्णी के व्यवसायी महेश कुमार ने अपने चालक को माल लेने के लिए अपने ट्राला जीप एचपी 19बी 7303 को पंजाब के डमटाल भेजा था। वापसी के दौरान डमटाल के पास हाईवे पर अज्ञात शातिरों ने ट्राले के आगे कार लगा दी। इससे चालक ने ट्राला रोक दिया। कार से निकले कुछ युवकों ने चालक पर अचानक हमला कर उसे बुरी तरह से घायल कर दिया। चालक की मानें तो इसी दौरान एक युवक ने उससे चाबी छीनी और ट्राला जीप लेकर मौके से फरार हो गए। इसके बाद चालक ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस की सूचना पर ट्राला जीप मालिक महेश कुमार भी मौके पर पहुंच गए थे तथा गाड़ी की बरामदगी के लिए पंजाब पुलिस में एफआईआर दर्ज भी करवा दी है। उधर, पुलिस का कहना है कि छानबीन की जा रही है। अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। लूट की इस घटना की क्षेत्र में काफी चर्चा है।
बदमाशों की तलाश
कंडवाल (कांगड़ा)। पुलिस ने तुरंत सभी पुलिस चौकियों को अलर्ट कर आरोपियों की तलाश शुरू की। अभी तक आरोपियों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने बदमाशों की कार को अपने कब्जे में ले लिया है। डीएसपी राजीव अत्री ने बताया कि पुलिस ने आईपीसी की धारा 382 व 34 के तहत मामला दर्ज कर बदमाशों की धरपकड़ शुरू कर दी है।
