बागवानों को मिलेंगे 18 लाख सेब के पौधे

खराहल (कुल्लू)। हर साल करोड़ों का कारोबार देने वाले कुल्लू के बागवानों को सेब के 18 लाख पौधे मिलेंगे। यह पौधे उद्यान विभाग जिला में स्थापित विभिन्न सरकारी और पंजीकृत नर्सरियों के माध्यम से वितरित करेगा। सेब का साधारण पौधा 18 रुपये और स्पर वैरायटी सेब का पौधा 24 रुपये में मिलेगा। विभाग ने पौधों को वितरण को लेकर खाका तैयार कर लिया है। पौधों की सप्लाई उद्यान केंद्र बजौरा से की जा रही है।
विभागीय अधिकारियों का मानना है कि इससे सेब के कारोबार में और इजाफा होगा। उद्यान विभाग के अनुसार जिला के बागवानों को सेब की विभिन्न किस्मों के 18 लाख पौधे सरकारी और निजी नर्सरी से मुहैया करवाए जाएंगे। कुल्लू जिला में करीब 73 हजार हेक्टेयर भूमि पर सेब के बगीचे हैं। जिला के लाखों लोगों के रोजगार का जरिया भी सेब उत्पादन है। बागवानी विभाग के उपनिदेशक डा. बीसी राणा ने बताया कि पूरे जिले में विभिन्न किस्में सरकारी और निजी नर्सरी में तैयार की जा रही है। इन्हें बागवानों को मुहैया करवाया जा रहा है। जिला में बागवानी को बढ़ावा देने के लिए 18 लाख पौधे इस साल वितरित करने का लक्ष्य रखा है।
गौरतलब है कि विभाग बागवानों के लिए अमेरिकन सेब के पौधे भी मंगवा रहा है। इसका वितरण भी बागवानों को जल्द किया जाएगा। इन पौधों में सुपर चीफ, सकालेट स्पर, सेलेट स्पर अरली रेड और जिंजर गोल्ड आदि किस्में शामिल रहेंगी। यह पौधा बागवानों को दो सौ रुपये में मिलेगा। इस सेब को पौष्टिक माना जाता है तथा देर तक ताजा रहता है। वायरस फ्री माने जाने वाले इस अमेरिकन सेब वैरायटी का रंग और आकार भी शानदार होता है।

Related posts