
सरकाघाट (मंडी)। सरकाघाट अस्पताल में मरीजाें को टेस्ट के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। अस्पताल में मरीजाें को चौबीस घंटे टेस्ट की सुविधा मिलेगी। प्रदेश सरकार की ओर से एसएलआर लैब कंपनी के साथ किए गए करार में चुनिंदा अस्पतालों में चौबीस घंटे टेस्ट की सुविधा मिलेगी। इसमें नागरिक अस्पताल सरकाघाट को भी शामिल किया गया है। वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है। अस्पताल की प्रयोगशाला में प्रात: नौ से बारह बजे तक पहले की भांति ही प्रत्येक कार्य दिवस को टेस्ट होते रहेंगे। इसके बाद बाकी समय में एसएलआर की लैब यह सुविधा प्रदान करेगी। प्रयोगशाला में हर प्रकार के बायोकेमिस्ट्री, ईसीजी टेस्ट अस्पताल की रोगी कल्याण समिति की ओर से तय की गई दरों पर किए जाएंगे। टेस्ट रिपोर्ट की सूचना रोगियों एवं उनके तीमारदारों को मोबाइल नंबर पर दे दी जाएगी। वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डा. बीआर चौहान का कहना है कि प्रात: नौ से बारह बजे तक अस्पताल की प्रयोगशाला में टेस्ट किए जाएंगे। इसके बाद एसएलआर की लैब यह सुविधा प्रदान करेगी। उधर, एसएलआर लैब प्रभारी पिंकू भारद्वाज ने बताया कि प्रयोगशाला में चौबीस घंटे रोगियाें को टेस्ट की सुविधा मिलेगी। रिपोर्ट आने की सूचना मोबाइल पर दी जाएगी। इधर, सरकाघाट कांग्रेस अध्यक्ष योगराज ठाकुर, उपाध्यक्ष सुनील चड्ढा, सुभाष शर्मा, रमेश सरस्वाल, युकां अध्यक्ष अखिल गुप्ता ने सरकाघाट अस्पताल में चौबीस घंटे टेस्ट सुविधा प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह तथा स्वास्थ्य मंडी कौल सिंह ठाकुर का आभार जताया है।
