सड़क दुर्घटना में मासूम की मौत, दस लोग घायल

सरकाघाट/गोहर/ चौंतड़ा। जिले में हुए तीन सड़क हादसाें में एक की मौत हो गई। दस लोग घायल हुए हैं। घायलाें में आठ की हालत गंभीर बताई जा रही है। छह घायलाें को टांडा मेडिकल कालेज और दो को क्षेत्रीय अस्पताल मंडी रेफर किया है। पुलिस ने मामले दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। सरकाघाट में एक निजी स्कूल की बच्ची की बाइक की चपेट में आकर मौत हो गई। बच्ची घर वापस लौट रही थी। हादसा सरकाघाट मुख्यालय में कालेज गेट के पास हुआ।
वहीं पंडोह-गोहर मार्ग पर छपराहण के पास थमलाह में मारुति कार के ढांक से लुढ़कने के कारण चालक समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों को ग्रामीणों ने कार से बाहर निकालकर सीएचसी गोहर पहुंचाया। यहां से दो घायलाें को चिकित्सकों ने मंडी रेफर कर दिया है। घायलों में मनोहर लाल, माया राम, देविंद्र और सुंदर निवासी स्यांज शामिल हैं। गोहर सीएचसी से सुंदर और देविंद्र कुमार को क्षेत्रीय अस्पताल मंडी रेफर किया है। प्रशासन की ओर से तहसीलदार एवं कार्यकारी एसडीएम गोहर अनिल भारद्वाज ने गोहर सीएचसी में उपचाराधीन दोनों घायलों को दो-दो हजार रुपये और मंडी रेफर घायलों को आठ-आठ हजार रुपये बतौर फौरी राहत दिए।
एक अन्य सड़क दुर्घटना में चौंतड़ा-जोगिंद्रनगर राज्य मार्ग पर सैंथल में बजगर खडड् पर बने पुल के पास मारुति कार सड़क से नीचे लुढ़क गई। घटना में कार में सवार सभी छह लोग घायल हो गए। घायलाें में कार चालक जगदीश चंद निवासी ठठरी, मीनाक्षी पुत्री दीप चंद, विद्या देवी पत्नी लखू राम, आशीष पुत्र दीपचंद, गायत्री देवी पत्नी दीप चंद और दीप चंद पुत्र लखू राम निवासी भजराला (मटरु) शामिल हैं। घट्टा पुलिस प्रभारी एएसआई ठाकरू राम ने बताया कि कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जोगिंद्रनगर सिविल अस्पताल से सभी घायलों को टांडा मेडिकल कालेज रेफर कर दिया है। एसपी आरएस नेगी ने बताया कि मामले दर्ज कर लिए हैं। पुलिस छानबीन कर रही है।
मां की बांहों में आने से पहले छीन ले गई मौत
सरकाघाट मुख्यालय पर सोमवार को एक निजी स्कूल की पहली कक्षा की पांच वर्षीय बच्ची को बाइक सवार ने कुचल दिया। बच्ची स्कूल से छुट्टी के बाद घर जा रही थी। बस से बच्ची कॉलेज गेट के पास उतरी। यहां उसे उसकी मां लेने आई थी। जानकारी के अनुसार स्तुति नड्डा (5) बस से उतरकर सड़क पार कर रही थी। इस बीच बाइक सवार ने उसे कुचल दिया। घटना के बाद बच्ची को सरकाघाट अस्पताल ले जाया गया। जहां उसने दम तोड़ दिया। चिकित्सकाें के मुताबिक बच्ची के सिर पर गंभीर चोट लगने से मौत हो गई। पांच साल की स्तुति अपने मां-बाप की इकलौती संतान थी।

Related posts