केदारनाथ हाईवे जाम करेंगे टेमरिया के लोग

रुद्रप्रयाग। आपदा के दौरान क्षतिग्रस्त गिंवाड़ी-टेमरिया मोटर पुल और नागजगई-फेगू-बरम्वाड़ी मोटर मार्ग का निर्माण कार्य दोबारा शुरू नहीं होने के विरोध में क्षेत्रीय जनता ने पांच जनवरी को केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग करने का निर्णय लिया।
आंदोलन के मसले पर टेमरिया में आहूत बैठक में वक्ताओं ने कहा कि आपदा के छह माह बाद भी गिंवाड़ी-टेमरिया मोटर पुल का निर्माण शुरू नहीं हो सका है। जनता जान जोखिम में डालकर आवाजाही करने को मजबूर है। नागजगई-फेगू-बरम्वाड़ी चार किलोमीटर मोटर मार्ग का विस्तार और मंदाकिनी नदी पर 90 मीटर स्पान का मोटर पुल स्वीकृत किया गया था। आज तक ना तो सड़क और मोटर पुल का निर्माण पूरा हो पाया। विगत जून माह में आई आपदा में टेमरिया, पाली, सरणा, फेगू और बरम्वाड़ी आदि गांव की स्थिति टापू जैसी हो गई थी। सारे संपर्क मार्ग ध्वस्त हो गए, तो यही पुल काम आया। मंदाकिनी नदी के ऊपर निर्मित इस मोटर पुल के ऊपर टिन लगाकर आवाजाही शुरू कराई गई। लेकिन इसके बाद लोनिवि फिर इस पुल को भूल गई। बैठक में अगस्त्य पर्यावरण मित्र समिति के सचिव एनडी सेमवाल, सत्यनारायण सेमवाल और अनूप सेमवाल आदि ने विचार रखे।

Related posts