
सोलन। यदि आप क्रि समस एवं नववर्ष को पर्यटक स्थलों पर मनाने की सोच रहे हैं तो आपको खास तोहफा मिलेगा। एचपीटीडीसी के होटलों में इस बार पहाड़ी व्यंजनों का स्वाद चखने को मिलेगा। यह व्यवस्था सोलन एवं सिरमौर के होटलों में रहेगी। यहां खास तौर पर पहाड़ी व्यंजनों को तैयार किया जाएगा। इन व्यंजनों में प्रदेश के विभिन्न जिला के खास डिशें तैयार की जाएंगी। इनमें खास तौर पर एक पहाड़ी सब्जी और एक हिमाचल में बनाई जाने वाली स्वीट डिश होगी। इन व्यंजनों से जहां सैलानियों को अलग स्वाद चखने का मौका मिलेगा, वहीं हिमाचल की रीति- रिवाजों एवं खान पान के बारे में सैलानी जान सकेंगे। इसकी पुष्टि एचपीडीसी सोलन एवं सिरमौर प्रभारी सुनील बंसल ने की है। उन्होंने कहा कि क्रिसमस एवं न्यू ईयर के लिए खास पहाड़ी डिशें तैयार की जाएंगी।
यह रहेंगी खास डिशें
पहाड़ी व्यंजनों में मुख्य तौर पर मंडी में बनाई जाने वाली सेपू बड़ी, सरसों का साग-मक्की की रोटी, छा-मीट और चौलाई (बाथू) की खीर, गाजर का हलवा समेत कई खास व्यंजन तैयार किए जाएंगे। यही नहीं यदि सैलानियों को इन व्यंजनों के बारे में मालूम भी नहीं होगा तो भी होटलों में यह किसी अन्य आर्डर के साथ भी परोसा जाएगा।
इन होटलों में मिलेगी सुविधा
एचपीडीसी के जिला में चार मुख्य होटलों में यह सुविधा मिलेगी। इनमें पाइनवुड बड़ोग, रोज कॉमन कसौली, चायल पैलेस चायल और राजगढ़ में टूरिस्ट इन शामिल हैं। होटलों में पहाड़ी व्यंजनों को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। व्यंजन बनाने के लिए भी कुकों को खास तौर पर प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
