
कर्णप्रयाग। नगर क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और नया ट्रैफिक प्लान लागू करने के लिए प्रशासन और पुलिस ने व्यापार संघ व जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
सीओ जगदीश चंद्र यादव की अध्यक्षता में थाना कर्णप्रयाग में हुई बैठक में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पर चर्चा की गई। इस मौके पर मुख्य बाजार में टैक्सी प्वाइंटों पर नंबर के अतिरिक्त वाहन खड़े न करने, वन-वे यातायात को सुचारु रखने, नगर पंचायत की पार्किगाें में वाहनों को खड़े करने सहित कई बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। सीओ यादव ने थानाध्यक्ष को सोमवार से लाउडस्पीकर से बैठक में लिए गए फैसलों से वाहन संचालकों के साथ आमजन को अवगत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने यातायात के नियमों के अवहेलना करने वालों के कोर्ट स्तरीय चालान करने की बात कही। इस मौके पर पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट के पेट्रोल न देने सहित शराब के नशे में वाहन न चलाने संबंधित दिशा-निर्देश के पट भी विभिन्न स्थानों पर लगाने की बात कही गई। बैठक में व्यापार संघ अध्यक्ष हरीश सती, नगर पंचायत अध्यक्ष सुभाष गैरोला, टैक्सी यूनियन के डा. एमएम नवनी, रामकृष्ण भट्ट, सभासद राजा जोशी, रहीम सिद्दकी, प्रकाश नवनी आदि मौजूद थे।
