
लोहाघाट। सिरमोली खेतीखान के मूल निवासी और इंग्लैंड की एक कंपनी में मैनेजिंग डायरेक्टर के पद पर कार्य कर रहे राज भट्ट का खेतीखान के विवेकानंद विद्यामंदिर में नागरिक अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय के हॉल समेत अन्य कक्षों का लोकार्पण किया, जिनके निर्माण के लिए उन्होंने 14 लाख रुपए दिए थे। उन्होंने विद्यालय के फर्नीचर के लिए तीन लाख रुपए और प्रयोगशाला, कंप्यूटर कक्ष, पुस्तकालय स्थापित करने के लिए भी धन देने को कहा।
कर्नल जीएस देव की अध्यक्षता और प्रधानाचार्य कमल माहरा के संचालन में हुए समारोह में दिवान सिंह पुजारी का भी सम्मान किया गया। जिन्होंने विद्यालय के लिए निशुल्क भूमि दान दी है। राज भट्ट ने रुद्रपुर के बनवासी छात्रावास हेतु दो लाख रुपए और नेत्रविहीन विद्यालय के लिए आठ लाख रुपए भी देने का ऐलान किया। कार्यक्रम में शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य घनश्याम, व्यवस्थापक देवकीनंदन खर्कवाल, शिक्षाविद सीएल वर्मा, डा. बीडी भट्ट, भैरव वर्मा, उदय साह, अंजू गहतोड़ी आदि भी मौजूद थे।
