खांसी और जुकाम ने जकड़ा

चंबा। जिला वासियों को इन दिनों विभिन्न बीमारियों ने जकड़ लिया है। हवा में धूल बढ़ने व बारिश न होने से लोग बीमार हो रहे हैं। लिहाजा अस्पतालों में एलर्जीक बीमारियों से ग्रसित मरीजों की तादाद बढ़ गई है। बारिश न होने से लोगों में जुकाम, छाती जाम, खांसी के रोगों का प्रकोप बढ़ रहा है। साथ ही सुबह-शाम शीत लहरों के कारण बढ़ी ठिठुरन से लोग बीमार पड़ रहे हैं। जिला अस्पताल में रोजाना सर्दी, जुकाम, खांसी से ग्रसित करीब 100 से 150 के करीब मरीज पहुंच रहे हैं। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कोहरे के कारण भी ब्लड़ प्रेसर व हृदय रोगियों की दिक्कतें बढ़ रही हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ की मानें तो ऐसे मौसम में बीमारियों से बचाव काफी कारगर साबित होता है। लोगों को बीमारियों से बचने के लिए सावधानियां बरतनी चाहिए। जिला अस्पताल में मेडिसन के एमडी डा. जितेंद्र महाजन ने बताया कि लोग बदलते मौसम में बीमारियों से बचाव के लिए उचित देखभाल कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि आमतौर पर लोग सर्दियों में कम पानी पीते हैं। इससे भी शरीर में बीमारी लगने की संभावना बढ़ जाती है। लोगों को सर्दियों में कम पानी नहीं पीना चाहिए। उन्होंने बताया कि कई बार सर्दियों में लोग कमरों में हीटर लगाते हैं और सारे खिड़की दरवाजे बंद कर देते हैं। इससे कमरों में ताजी हवा नहीं आ पाती है। बीच में थोड़ी देर के लिए दरवाजा या खिड़की खोलें, इससे ताजी हवा अंदर आ सके। चिकित्सा अधीक्षक डा. विनोद शर्मा ने बताया कि पिछले हफ्ते से प्रतिदिन करीब 100 से 150 खांसी व जुकाम के मरीज पहुुंच रहे हैं।
इंसेट ….
बीमारियों से बचने के लिए क्या करें :
1. सर्दियों में ठंड से बचाव करें।
2. बीमार होने पर चिकित्सक के पास जाएं।
3. ब्लड़ प्रेशर व हार्ट के रोगी नियमित रूप से दवाइयों का सेवन करें।
4. पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पानी पीएं।
5. चिकित्सक को दिखाए बिना दवाइयों का सेवन न करें।
6. धूल वाले क्षेत्र में जाने से बचें।

Related posts