
चंबा। जिला पुलिस के साथ अटैच सकोह बटालियन की महिला कांस्टेबल को एक विवाहित पुरुष के साथ अवैध संबंध रखना महंगा पड़ा। पुलिस ने सरोल पंचायत के सिद्धपुर गांव की विवाहिता इंदू की 19 जुलाई को जलने से हुई मौत के मामले में उसके पति नरेश पुत्र दिवान चंद और कांस्टेबल शिल्पा को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 19 जुलाई को रात साढ़े 12 बजे के करीब जब इंदू पत्नी नरेश कुमार (30) संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से झुलस गई थी। उसके पति को भी बाजू व टांगों में झुलसने से घाव हो गए थे। दोनों को रात को ही जिला अस्पताल में दाखिल करवाया गया। इंदू को गंभीर हालत में मेडिकल कालेज अस्पताल टांडा रेफर किया गया, मगर उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया था। इंदू का पति टैक्सी चालक है। उसका नौ साल का बेटा भी है। घटना के बाद बरौर पंचायत के गांव लंजी निवासी इंदू के पिता गौरी शंकर ने आग लगने के कारण पर सवाल उठाए थे। उसने बताया था कि इंदू व उसका पति नरेश पुत्र दीवान चंद अक्सर झगड़ा होता रहता था। इस बीच इंदू के परिजनों को नरेश के शिल्पी के साथ रिश्तों का पता चला तो उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस से की। इस आधार पर पुलिस ने 20 दिसंबर को दोनों को गिरफ्तार कर लिया था। शिप्पी खुद भी शादीशुदा है। डीएसपी हैडर्क्वाटर जितेंद्र चौधरी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि कांस्टेबल शिल्पी और इंदू के पति नरेश के बीच अवैध संबंधों के कारण इंदू को आत्महत्या करने के लिए मजबूर होना पड़ा। इस आधार पर दोनों के खिलाफ आईपीसी की धारा 306 के तहत मुकदमा दर्ज करके गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि दोनों को शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने दोनों को 24 दिसंबर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
