पाकिस्तान चुनाव में ISI की हेराफेरी की जांच शुरू

पाकिस्तान चुनाव में ISI की हेराफेरी की जांच शुरू

इस्लामाबादः पाकिस्तान में 1990 के आम चुनाव में बेनजीर भुट्टो को सत्ता में आने से रोकने के प्रयास के तहत नेताओं के बीच पाकिस्तान की गुप्तचर एजेंसी द्वारा पैसे बांटे जाने के आरोपों की जांच शुरू हो गई है। यह जानकारी मीडिया खबरों में दी गई है।

समाचार पत्र डॉन के मुताबिक, संघीय जांच एजेंसी (एफआईए) ने शुक्रवार को इस मामले की जांच शुरू की। एजेंसी की एक समिति के सामने अपना बयान दर्ज कराने के लिए सबसे पहले एयर मार्शल (अवकाश प्राप्त) असगर खान पेश हुए।

असगर खान ने 1996 में एक अर्जी दायर कर आरोप लगाया था कि इंटर सर्विसेज इंटेलीजेंस (आईएसआई) ने 1990 में इस्लामी जम्हूरी एत्तेहाद (आईजेआई) समूह गठित करने और भुट्टो की पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) की चुनावी जीत रोकने के लिए कई राजनेताओं को धन मुहैया कराया था।

अखबार के मुताबिक, पूर्व सेना प्रमुख असलम बेग, पूर्व आईएसआई महानिदेशक असद दुर्रानी और मेहरान बैंक के पूर्व प्रमुख यूनुस हबीब को भी समिति ने तलब किया है। एफआईए के अतिरिक्त महानिदेशक मोहम्मद गालिब बंदेशा की अध्यक्षता में चार सदस्यीय समिति का गठन किया गया है।

Related posts