
गंगोलीहाट। नगर पंचायत अध्यक्ष विमल रावल ने लगातार हो रही बिजली कटौती पर तगड़ा स्टैंड लेते हुए कटौती न रुकने पर जनता को साथ लेकर आंदोलन छेड़ने की चेतावनी दी है।
उपजिलाधिकारी के माध्यम से जिलाधिकारी को भेजे ज्ञापन में नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा है कि नगर क्षेत्र में रात के साथ ही दिन में भी बिजली की कटौती की जा रही है। बिजली न होने से व्यावसायिक गतिविधियों पर तो असर पड़ ही रहा है, सरकारी कार्यालयों में कामकाज के साथ ही विद्यार्थियों की पढ़ाई पर भी असर पड़ रहा है। पोस्टआफिस लाइन में पिछले दो दिन से बिजली नहीं है। विभाग बार-बार ध्यान दिलाने के बाद भी कोई कार्यवाही नहीं कर रहा है।
उन्होंने बिजली व्यवस्था में सुधार न आने पर जनता को साथ लेकर आंदोलन की चेतावनी दी है। उधर, बिजली विभाग के उपखंड अधिकारी प्रदीप कुमार का कहना है कि पोस्टआफिस लाइन में कुछ लोग अवैध तरीके से पोल में तार डालकर बिजली ले रहे थे, इस वजह से व्यवधान आ रहा था। अवैध तार हटा दिए गए हैं। अवैध रूप से बिजली लेने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
