साहब! मंदिर के चढ़ावे का हो रहा दुरुपयोग

अवाहदेवी(हमीरपुर)। शनिदेव मंदिर बगबाड़ा में मंदिर कमेटी की सदस्यता न मिलने के विरोध में गांव का एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त से मिला और मंदिर कमेटी में सदस्यता दिलाने की मांग की है।
प्रतिनिधिमंडल वार्ड सदस्य अनिल ठाकुर की अध्यक्षता में उपायुक्त से मिला है। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया है कि शनिदेव मंदिर बगबाड़ा में चढ़ावे का दुरुपयोग किया जा रहा है। आय व्यय में कमेटी के करीब एक दर्जन सदस्य गोलमाल कर रहे हैं। हालांकि मंदिर कमेटी के सदस्यों का चुनाव भी बंद कमरे में किया गया है। उन्होंने बताया कि गांव के करीब दो सौ सदस्य मंदिर कमेटी की सदस्यता चाहते हैं लेकिन मंदिर कमेटी को यह सब रास नहीं आ रहा है। घोटाले की परतें खुलने के डर से कमेटी सदस्य ग्रामीणों को सदस्यता देने से साफ इंकार कर चुके हैं।
कमेटी और ग्रामीणों में सदस्यता को लेकर करीब एक वर्ष से जंग छिड़ी हुई है। हालांकि मामले को लेकर ग्रामीण पहले भी प्रशासनिक अधिकारियों से मिल चुके हैं लेकिन अभी तक उन्हें मात्र कोरे आश्वासन ही हाथ लगे हैं। इसके चलते प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त हमीरपुर से मामले की शिकायत की है। ग्रामीणों ने उपायुक्त से मांग की है कि मंदिर कमेटी की सदस्यता उन्हें जल्द से जल्द दिलाई जाए और मंदिर के नाम पर चल रहे घोटाले बाजी पर रोक लगाई जाए जिससे लोगों की आस्था को ठेस न पहुंचे। वहीं उपायुक्त हमीरपुर ने एसडीएम हमीरपुर को मामले पर उचित कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
इस मौके पर प्रतिनिधिमंडल में अमरनाथ चंदेल, सुखदेव सिंह, भूमि देव, राजकुमार, प्रताप सिंह, चुनी लाल, यशवंत सिंह चंदेल, प्रेम सिंह, कुलदीप सिंह, मदन लाल, अश्विनी चंदेल, जोगेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।

Related posts