रोहतांग दर्रे पर अब नहीं दौड़ेंगी बसें

केलांग। रोहतांग दर्रा होकर बस में सफर आगामी छह महीनों के लिए बंद हो गया है। रोहतांग दर्रे में वीरवार को हुए हल्के हिमपात के बाद एचआरटीसी केलांग डिपो ने अपनी बस सेवा बंद कर दी है। निगम अभी तक रोहतांग दर्रा होकर अपनी बस सेवा जनता को मुहैया करवा रहा था, लेकिन ताजा बर्फबारी के बाद रोहतांग के आसपास सड़क फिसलन भरी हो जाने से निगम ने कुल्लू-रोहतांग और केलांग-रोहतांग रूट पर चलने वाली दोनों बस सेवाएं बद कर दी हैं। केलांग डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक गोपाल शर्मा ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को रोहतांग मार्ग पर रेकी करने के बाद केलांग डिपो प्रबंधन ने बस सेवा बंद करने का निर्णय लिया है। हालांकि, ताजा बर्फबारी के बावजूद रोहतांग दर्रा होकर छोटे वाहनों की आवाजाही बदस्तूर जारी है। निगम की बस सेवा जारी रहने से जनता को टैक्सियों में महंगे सफर से राहत मिल रही थी, लेकिन अब समाज के हर तबके के लोगों को आपातकालीन स्थिति के दौरान रोहतांग होकर टेक्सियों में ही सफर करना पडे़ेेगा। आरएम गोपाल शर्मा ने बताया कि अब करीब छह माह बाद रोहतांग दर्रा बहाल होने के बाद ही निगम की लंबी रूटों पर चलनी वाली बस सेवा शुरू हो पाएगी। उधर, बर्फबारी के बाद जिला प्रशासन ने रोहतांग दर्रा होकर टैक्सियों में सफर करने वाले मुसाफिरों से एहतियात बरतने की अपील की है

Related posts