
काईस (कुल्लू)। देवभूमि कुल्लू में महिलाओं पर अत्याचार के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक रेप के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वर्ष 2011 में रेप की बीस वारदातें हुईं और 2012 में 22 मामले दर्ज किए गए। जबकि, 2013 में 25 मामले दर्ज हुए हैं। तीन वर्ष के आंकड़ों पर गौर करें तो सबसे ज्यादा नाबालिग लड़कियां ही दुराचार की शिकार हुईं। देश में लगातार बलात्कार के मामले सामने आने के बाद जिला पुलिस भी महिलाओं के प्रति हिंसक घटनाओं को कम करने के लिए गंभीरता से प्रयास कर रही है। एसपी कुल्लू विनोद धवन ने कहा कि जब भी इस तरह की शिकायतें मिलती हैं तो पुलिस अपराधियों से सख्ती से निपटती है तथा इस पर तुरंत कार्रवाई की जाती है। हिमाचल महिला आयोग की पूर्व अध्यक्षा धनेश्वरी ठाकुर का कहना है कि महिलाओं पर लगातार बढ़ रहे आपराधिक मामले चिंता का विषय हैं। दुराचार के आरोपियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए।
